पनागर-सिहोरा में जुए के फड़ों पर पुलिस की दबिश, 11 जुआरी गिरफ्तार

जबलपुर,यश भारत। जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पनागर और सिहोरा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 11 जुआरियों को पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 25 हजार रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त किए हैं। दोनों मामलों में जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पनागर थाना पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर की देर रात सूचना मिली थी कि जयप्रकाश वार्ड स्थित जित्तू ठाकुर के मकान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर जुआरियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर छह आरोपियों को पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अर्जुन कुशवाहा, नंदकुमार चौधरी, लोकेश खम्परिया, राकेश पटेल, अशोक कुशवाहा और आकाश कुशवाहा के रूप में हुई। इनके कब्जे और जुए के फड़ से 16 हजार रुपये नकद तथा 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए।
इसी तरह सिहोरा थाना पुलिस ने ग्राम डूंडी में तालाब के पास जुए के फड़ पर दबिश दी। यहां पुलिस ने पांच जुआरियों को पकड़ा। आरोपियों की पहचान सिद्धांत चौरसिया, नसीम मोहम्मद, संतोष चक्रवर्ती, चंद्रभान पटेल और कपिल पटेल के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से 9 हजार रुपये नकद और ताश के पत्ते जब्त किए।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह तथा संबंधित अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।







