Top-5जबलपुरमध्य प्रदेशमध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

जर्जर मकान का हिस्सा भरभराकर गिरा, मलबे में फंसे 12 लोग सुरक्षित निकाले गए, देखे वीडियो……

जबलपुर, यशभारत। नया मोहल्ला क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक दो मंजिला पुराने और जर्जर मकान का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। तेज धमाके के साथ मलबा गिरने से आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। हादसे के दौरान मकान के अंदर 12 लोग फंस गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मलबे में लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही आसपास के नागरिक मदद के लिए दौड़े। इसके बाद नगर निगम का अमला, संबंधित थाना पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सीढ़ियों और रस्सियों की मदद से मलबे के बीच फंसे सभी 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई।

एहतियातन इलाके में आवाजाही रोकी

हादसे के बाद प्रशासन ने घटनास्थल की घेराबंदी कर लोगों को जर्जर भवन से दूर किया। मकान का बचा हुआ हिस्सा भी बेहद कमजोर बताया जा रहा है, जिससे दोबारा हिस्सा गिरने का खतरा बना हुआ है। आसपास के रास्ते पर एहतियातन आवागमन रोक दिया गया है।

बाकी ढांचा भी खतरनाक

प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में भवन के शेष असुरक्षित हिस्से को हटाने की तैयारी की जा रही है। हादसे के बाद क्षेत्रवासियों में जर्जर भवनों को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि समय रहते ऐसे भवनों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की स्थिति न बने।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button