मध्यप्रदेशमुख्य ख़बरें

मेडिकल कॉलेज के चुनाव संपन्न: डॉ. सर्वेश जैन पुनः अध्यक्ष और डॉ. राकेश माहौर सचिव निर्वाचित,सीधी भर्ती से डीन नियुक्ति के विरोध में हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएगा संघ

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC), सागर की ‘मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन’ के वार्षिक चुनाव आपसी सद्भाव और सर्वसम्मति के वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव में डॉ. सर्वेश जैन को पुनः निर्विरोध एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया, वहीं सचिव पद पर डॉ. राकेश माहौर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

चुनाव प्रक्रिया के उपरांत कार्यकारिणी के अन्य महत्वपूर्ण पदों की भी घोषणा की गई, जिसमें वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर डॉ. एस.पी. सिंह, डॉ. जागृति नागर और डॉ. अखिलेश रत्नाकर निर्वाचित हुए। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने निर्वतमान सचिव डॉ. अखिलेश रत्नाकर के सफल एवं समर्पित कार्यकाल के लिए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।

अधिष्ठाता कार्यालय की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक लेटलतीफी पर फूटा गुस्सा

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के गठन के पश्चात आयोजित बैठक में चिकित्सकों की लंबित समस्याओं और मांगों पर गहन मंथन हुआ। सदस्यों ने अधिष्ठाता (डीन) कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर आपत्ति जताते हुए कहा कि शासन से स्वीकृत धनराशि होने के बावजूद व्यर्थ की लिखा-पढ़ी और लेटलतीफी के कारण डॉक्टरों की वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) तथा पुराने एरियर के भुगतान अटक गए हैं।

सदस्यों ने आरोप लगाया कि प्रत्यक्ष और स्पष्ट प्रशासनिक आदेशों के बाद भी गूढ़ मतलब निकाले जाते हैं और गैर-जरूरी मामलों को भोपाल स्थित डीएमई (DME) कार्यालय मार्गदर्शन हेतु भेज दिया जाता है, जिससे अंततः काम ठप हो जाते हैं। इसके साथ ही, 5 से 10 वर्षों से सेवारत डॉक्टरों की परिवीक्षा अवधि (प्रोबेशन पीरियड) एक वर्ष में समाप्त न किए जाने पर आक्रोश व्यक्त किया गया, जिसके कारण चिकित्सकों के प्रमोशन और वेतन वृद्धि के अवसर प्रभावित हो रहे हैं।

सीधी भर्ती से डीन नियुक्ति का विरोध, हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर करने का निर्णय

पुनः निर्वाचित अध्यक्ष डॉ. सर्वेश जैन ने ऑटोनॉमस मेडिकल कॉलेजों में शासन द्वारा सीधी भर्ती या प्रतिनियुक्ति के माध्यम से डीन की नियुक्ति किए जाने के कदम का पुरजोर विरोध किया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से ऑटोनॉमस मेडिकल कॉलेज के मूल चिकित्सकों के पदोन्नति के अवसर पूरी तरह समाप्त हो जाते हैं। इस व्यवस्था के विरोध में एसोसिएशन ने जबलपुर उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) में रिट याचिका दायर करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया है।

बैठक के अंत में सभी चिकित्सकों एवं सदस्यों ने मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर इलाज उपलब्ध कराने तथा मेडिकल विद्यार्थियों को सार्थक शिक्षा प्रदान करने के एसोसिएशन के मूल सेवा संकल्प को दोहराते हुए सभा का समापन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button