निलंबित औषधि निरीक्षक गौरव शर्मा को मिली बहाली, छिंदवाड़ा से गुना पदस्थापना, विभागीय जांच जारी, कांग्रेस ने सरकार से पूछा जिम्मेदारी किसकी?

निलंबित औषधि निरीक्षक गौरव शर्मा को मिली बहाली, छिंदवाड़ा से गुना पदस्थापना, विभागीय जांच जारी, कांग्रेस ने सरकार से पूछा जिम्मेदारी किसकी?
भोपाल यश भारत। खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश ने छिंदवाड़ा में पदस्थ औषधि निरीक्षक गौरव शर्मा को निलंबन से बहाल कर दिया है। 23 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार उन्हें उप संचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला गुना के कार्यालय में पदस्थ किया गया है। आदेश में कहा गया है कि निलंबन अवधि का निराकरण पृथक से किया जाएगा। विभागीय आदेश के मुताबिक गौरव शर्मा को 6 अक्टूबर 2025 को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था। इसके बाद मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियमों के तहत उन्हें कारण बताओ नोटिस और आरोप पत्र जारी किए गए। शर्मा ने 2 दिसंबर 2025 को अपना जवाब प्रस्तुत किया जिसे प्रथम दृष्टया संतोषजनक नहीं पाए जाने के बाद 19 फरवरी 2026 को उनके विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित की गई। बहाली के बावजूद विभागीय जांच की प्रक्रिया जारी रहेगी।
बहाली के बाद कांग्रेस ने सरकार को घेरा
अलग अलग मामलों का हवाला देकर कांग्रेस प्रवक्ता ने पूछा- बड़ी जांच के बाद जवाबदारी तय क्यों नहीं
औषधि निरीक्षक की बहाली को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरौलिया ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि मामला भागीरथपुरा का हो सागर के शराब मामले का हो या छिंदवाड़ा में सामने आए कफ सिरप से जुड़ा मामला भागीरथपुरा का हो इन घटनाओं को लेकर सरकार द्वारा बड़ी बड़ी और हाई लेवल जांच की बात कही जाती है। बरौलिया ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर इन मामलों में दोषी कौन है और जवाबदारी किसकी तय की गई।
कांग्रेस प्रवक्ता ने सरकार से जांचों के परिणाम और जिम्मेदारी तय किए जाने को लेकर स्पष्ट जवाब देने की मांग की। हालांकि विभागीय आदेश में गौरव शर्मा की बहाली का निर्णय दर्ज है और उनके खिलाफ विभागीय जांच लंबित होने की बात भी स्पष्ट की गई है।








