यश भारत इनसाइड स्टोरी :हैवानियत की हद: ‘वो जादू-टोना करता है’ कहकर काट दिया बुजुर्ग का सिर

मंडला। वहम की आग में हैवानियत की हद पार करते हुए कथित अंधविश्वास और जादू टोने के शक में बुजुर्ग का सर काटने का खौफनाक मंजर देख रहवासी कांप गए….!
गांव के 60 वर्षीय धौकल धुर्वे के मन में लंबे समय से यह वहम घर कर चुका था कि उसके जीवन में आ रही तमाम परेशानियां, बीमारियां और विपत्तियां किसी कुदरती वजह से नहीं, बल्कि सोहन सिंह के कथित जादू-टोने और तंत्र-मंत्र का नतीजा हैं। समय के साथ यह अंधविश्वास एक जानलेवा सनक में बदल गया।
पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडला शिवकुमार वर्मा एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बिछिया श्री सौरभ तिवारी के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी घुघरी निरीक्षक प्रकाश चन्द्र सेन एवं चौकी प्रभारी सलवाह निरीक्षक हितेश शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा थाना घुघरी में दर्ज हत्या के प्रकरण का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
यह पूरा मामला
29 सितंबर 2026 को चौकी सलवाह, थाना घुघरी पर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भैंसवाही निवासी सोहन सिंह सरौते (उम्र 80 वर्ष) की उनके घर के अंदर कमरे में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना घुघरी एवं चौकी सलवाह का पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा तथा निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही की गई। प्रार्थी रतन सिंह सरौते निवासी भैंसवाही की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस कार्यवाही
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित विवेचना प्रारंभ की। विश्वसनीय मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर संदेही धौकल धुर्वे पिता बराती धुर्वे, उम्र 60 वर्ष, निवासी स्कूलटोला भैंसवाही, चौकी सलवाह, थाना घुघरी, जिला मंडला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी को संदेह था कि मृतक तंत्र-मंत्र एवं जादू-टोना करता है, जिसके कारण उसे लंबे समय से परेशानी हो रही थी। इसी संदेह और रंजिश के चलते आरोपी ने 28. सितंबर 2026 की रात्रि को अपने घर से बका उठाया और मृतक के घर पहुंचकर धारदार हथियार से गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने हथियार एवं कपड़े नाले में धोए और अपने घर लौट गया। पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त बका (आलाजरब) जप्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसे माननीय न्यायालय मंडला में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी
धौकल धुर्वे, पिता बराती धुर्वे, उम्र 60 वर्ष, निवासी स्कूलटोला भैंसवाही, चौकी सलवाह, थाना घुघरी, जिला मंडला (म.प्र.)।







