नायरा एनर्जी ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम; भोपाल में पेट्रोल ₹119 और डीजल ₹102 के पार

नायरा एनर्जी ने बढ़ाए पेट्रोल-डीजल के दाम; भोपाल में पेट्रोल ₹119 और डीजल ₹102 के पार
भोपाल, यशभारत। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी के बीच निजी क्षेत्र की तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने शनिवार को पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी ने मध्य प्रदेश में पेट्रोल की दर में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया है। इस फैसले से राजधानी भोपाल सहित प्रदेशभर के उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय है।
भोपाल में 119 के पार पहुंचा पेट्रोल
दामों में बदलाव के बाद भोपाल में नायरा के पेट्रोल पंपों पर नई दरें लागू कर दी गई हैं। पंप संचालक बृजेंद्र सिंह के अनुसार, शुक्रवार तक जहां पेट्रोल 114.81 रुपये और डीजल 99.59 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था, वहीं शनिवार से पेट्रोल बढ़कर 119.81 रुपये और डीजल 102.59 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। उल्लेखनीय है कि भोपाल में नायरा के 8 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जबकि पूरे प्रदेश में ऐसे करीब 275 पंप हैं जहां रोजाना लगभग 9 हजार लीटर ईंधन की खपत होती है।
अंतरराष्ट्रीय क्रूड और लागत का अंतर वजह
कंपनी सूत्रों का कहना है कि ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से रिटेल बिक्री और वास्तविक लागत के बीच अंतर बढ़ गया था। इसी घाटे की भरपाई और लागत संतुलन के लिए दरों में संशोधन जरूरी हो गया था। इससे पहले भी इस वर्ष मार्च में ईरान संकट के दौरान नायरा ने दरें बढ़ाई थीं, जिन्हें बाद में जुलाई में क्रूड के दाम घटने पर कम किया गया था।
सरकारी तेल कंपनियों और जियो ने नहीं बढ़ाए दाम
एक तरफ जहां नायरा ने अपने रेट बढ़ा दिए हैं, वहीं सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने शनिवार को कीमतों में कोई फेरबदल नहीं किया। इसके साथ ही जियो ने भी फिलहाल दरें स्थिर रखी हैं। भोपाल में सरकारी कंपनियों के पंपों पर पेट्रोल फिलहाल 114.54 रुपये और डीजल 99.64 रुपये प्रति लीटर की दर से ही उपलब्ध है, जिससे वाहन चालकों को राहत मिल रही है।







