दुग्ध क्रांति की ओर बढ़ते कदम: भोपाल से उज्जैन तक गौपालकों और डेयरी सेक्टर के लिए बड़े ऐलानों की बौछार

दुग्ध क्रांति की ओर बढ़ते कदम: भोपाल से उज्जैन तक गौपालकों और डेयरी सेक्टर के लिए बड़े ऐलानों की बौछार
भोपाल, यशभारत। राजधानी भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन में मध्यप्रदेश सरकार ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था और दुग्ध उत्पादन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए ऐतिहासिक सौगातों की घोषणा की। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने उज्जैन में ₹255 करोड़ की लागत से आकार लेने वाले अत्याधुनिक डेयरी प्लांट का डिजिटल भूमि-पूजन किया, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गौपालकों और गौशालाओं के लिए अनुदान राशि में भारी बढ़ोतरी का ऐलान किया।
गौशालाओं की अनुदान राशि दोगुनी, पशुपालकों को ₹10 लाख तक की मदद
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गौशालाओं के विकास और गौवंश की देखरेख के लिए प्रति गौवंश मिलने वाली सहायता राशि को ₹20 से बढ़ाकर सीधे ₹40 करने की घोषणा की। इसके साथ ही, दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहन देने के लिए 25 गाय रखने वाले या दुधारू पशु लाने वाले पशुपालकों को ₹40 लाख तक की योजना में ₹10 लाख तक का सरकारी अनुदान दिया जाएगा।
नस्ल सुधार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुर्रा नस्ल की भैंसों की खरीद पर सामान्य वर्ग के पशुपालकों को 50 प्रतिशत और अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग को 75 प्रतिशत तक की विशेष सब्सिडी उपलब्ध कराई जाएगी।
दूध संकलन 50 लाख लीटर प्रतिदिन पहुँचाने का संकल्प
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि सांची और नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड (NDDB) के बीच हुए समझौते के बाद प्रदेश में दैनिक दूध संकलन बढ़कर 12 लाख लीटर पहुँच गया है। पशुपालकों को अब दूध पर ₹8.50 प्रति लीटर तक अधिक मूल्य मिल रहा है। सरकार का आगामी लक्ष्य इस संकलन को बढ़ाकर 50 लाख लीटर प्रतिदिन तक ले जाना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के नए अवसर पैदा होंगे।
उज्जैन में ₹255 करोड़ का आधुनिक डेयरी प्लांट
सहकारिता को सशक्त बनाने के तहत उज्जैन में स्थापित होने वाले इस नए डेयरी प्लांट की कुल लागत में से ₹170 करोड़ राज्य सरकार अनुदान के रूप में देगी, जबकि शेष ₹85 करोड़ की राशि दुग्ध संघ द्वारा ऋण से जुटाई जाएगी। शुरुआत में 3 लाख लीटर प्रतिदिन प्रसंस्करण क्षमता वाले इस प्लांट को दो वर्षों के भीतर तैयार किया जाएगा, जिसकी क्षमता आगे चलकर 5 लाख लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाई जा सकेगी।
नए आपराधिक कानूनों की प्रदर्शनी का शुभारंभ
समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने भेल दशहरा मैदान में नए आपराधिक कानूनों और कृषि तकनीकों पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को देश में लागू हुई नई न्याय संहिता और कानूनी बदलावों के प्रति जागरूक करना है।







