कटनी

राशि का आहरण, फिर भी नहीं बनी सडक़, सामुदायिक भवन निर्माण अधूरा, पौनिया में निर्माण कार्यों में अनियमितताओं का मामला, जनपद के बाद जिला स्तर पर गठित टीम करेगी शिकायतों की जांच

कटनी, यशभारत। जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के अंतर्गत ग्राम पंचायत पौनिया में हुए भ्रष्टाचार की जांच अब जिला स्तर पर गठित टीम द्वारा की जा रही है। सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने इसके लिए पहले जनपद स्तर पर और अब जिला स्तर पर टीम का गठन किया है। टीम द्वारा यहां पर पिछले कुछ समय में हुए निर्माण कार्यों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों द्वारा की गई इन शिकायतों की जांच के बाद सत्यता सामने आएगी। जिला पंचायत सीईओ को दी गई शिकायत में बताया गया था कि ग्राम पंचायत पौनिया में शासन एवं विधायक अनुशंसा से विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए राशि जारी की गई थी। जिसमे से ज्यादातर निर्माण कार्य आज भी अधूरे हैं, जबकि कई निर्माण कार्यों के लिए राशि का भुगतान भी कर दिया गया है। शिकायतों में बताया गया है कि वर्ष 2024 में 20 लाख रूपए की राशि से सामुदायिक भवन निर्माण बनना था। राशि का पूरा भुगतान होने के बाद भी सामुदायिक भवन का काम अधूरा है। इसी तरह शासकीय हाईस्कूल में फर्शीकरण के लिए 15 लाख रूपए की राशि स्वीकृत हुई थी। इस कार्य में घटिया निर्माण एवं कार्य की वास्तविक लागत को लेकर शिकायतें सामने आई थी। ग्रामीणों की शिकायत थी कि स्वीकृत राशि, भुगतान, बिल वाउचर एवं मौके पर किए गए वास्तविक कार्य की जाए।
राशि देने के बाद भी नहीं बनी सडक़
शिकायत में यह भी बताया गया था कि शांतिधाम में सडक़ निर्माण के लिए 5 लाख 50 हजार की राशि स्वीकृत हुई थी। उक्त राशि का भुगतान होने के बाद भी सडक़ नहीं बनी। इसी तरह गरीबा कुम्हार के घर से भोला बर्मन के घर तक सडक़ निर्माण कार्य के नाम पर पंचायत दर्पण में राशि एवं बिल दर्ज होने की जानकारी सामने आई है, जबकि मौके पर सडक़ निर्माण कार्य दिखाई नहीं देता।
ग्राम की सफाई के नाम पर राशि का आहरण
ग्राम पंचायत पौनिया में सार्वजनिक स्थानों की सफाई के नाम पर राशि निकाल ली गई। ग्रामीणों के अनुसार गांव में नियमित रूप से सफाई नहीं होती है। नल-जल योजना के रखरखाव, मरम्मत एवं सुधार कार्य के नाम पर राशि निकाले जाने की जानकारी है। पौनिया में नाली निर्माण कार्य तीन वर्षों से चल रहा है लेकिन कई स्थानों पर नालियों का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार कई अन्य कार्यों की गुणवत्ता, वास्तविक निर्माण एवं भुगतान को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पंचायत के संबंधित वर्षों के सभी निर्माण एवं विकास कार्यों के रिकॉर्ड के साथ ही पूर्व में सरपंच के रूप में कार्य कर चुकी श्रीमती मंजू बाई के कार्यकाल सहित वर्तमान कार्यकाल में ग्राम पंचायत पौनिया में कराए गए सभी प्रमुख निर्माण एवं विकास कार्यों की भी निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है।
इनका कहना है
ग्राम पंचायत पौनिया में सामुदायिक भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों में अनियमितताओं की शिकायत पर जांच कराई जा रही है। पूर्व में जनपद स्तर पर एक कमेटी गठित की गई थी। इसके बाद जिला पंचायत स्तर पर भी एक जांच टीम बनाई गई है। टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद अनियमितताओं पर संबंधित लोगों के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
-हरसिमरनप्रीत कौर, सीईओ
जिला पंचायत, कटनी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button