कमर्शियल गैस सिलेंडर 65 रुपए तक महंगा, भोपाल में अब 2815 रुपए

कमर्शियल गैस सिलेंडर 65 रुपए तक महंगा, भोपाल में अब 2815 रुपए
– त्योहार और शादी सीजन से पहले बढ़ी कीमतों से होटल-रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार पर बढ़ेगा खर्च, घरेलू गैस के दाम स्थिर
भोपाल, यशभारत। त्योहार और शादी-ब्याह के सीजन से पहले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर महंगा हो गया है। तेल कंपनियों ने 1 अक्टूबर से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में प्रदेश के अलग-अलग शहरों में करीब 62.50 से 65 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। भोपाल में अब यह सिलेंडर 2815 रुपए में मिलेगा। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 14.2 किलोग्राम वाले रसोई गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई दरों के अनुसार इंदौर में कमर्शियल सिलेंडर 2919 रुपए, उज्जैन में 2980, जबलपुर में 3030 और ग्वालियर में 3037 रुपए हो गया है। रीवा में इसकी कीमत सबसे अधिक 3066 रुपए पहुंच गई है। प्रदेश के 26 जिलों में कमर्शियल सिलेंडर के दाम अब 3000 रुपए से ऊपर हैं। सिंगरौली में 3064, सतना और नरसिंहपुर में 3063.50, कटनी में 3062.50 और पन्ना में 3061 रुपए कीमत हो गई है।
घरेलू गैस के दाम में बदलाव नहीं
भोपाल में 14.2 किलोग्राम का घरेलू गैस सिलेंडर पहले की तरह 947.50 रुपए में ही मिलेगा। इंदौर में इसकी कीमत 970, जबलपुर में 948.50, उज्जैन में 1001.50 और ग्वालियर में 1025.50 रुपए है।
कैटरिंग और होटल कारोबार पर असर
कमर्शियल गैस महंगी होने का असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और कैटरिंग कारोबार पर पड़ने की संभावना है। शादी-ब्याह का सीजन शुरू होने के साथ कैटरर्स की लागत बढ़ेगी। कारोबारियों के मुताबिक गैस के दाम बढ़ने से भोजन तैयार करने की लागत में इजाफा होगा, जिसका असर आयोजन के बजट पर पड़ सकता है। लगातार दूसरे महीने कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़ने से होटल-रेस्टोरेंट संचालकों की लागत भी बढ़ी है।







