महापौर ने वर्षी मेले की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

- महापौर ने वर्षी मेले की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मेला स्थल का निरीक्षण कर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश

कटनी, यशभारत। आगामी वर्षी मेले को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को महापौर प्रीति सूरी ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ मेला स्थल का निरीक्षण कर प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए सभी जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए।
महापौर ने मेला स्थल का भ्रमण कर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, आवागमन और यातायात प्रबंधन की तैयारियों पर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को पहले से व्यवस्थित किया जाए।
उन्होंने मेला स्थल की नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही भीड़ के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। साथ ही मेले के दौरान व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
महापौर ने श्रद्धालुओं से भी नगर निगम की व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त प्रियंका झरिया, एमआईसी सदस्य सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद विनोद लाला यादव, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित मेला समितियों के सदस्य और निगम कर्मचारी मौजूद रहे।







