
मुंबई, यश भारत। श्रीमद् राजचंद्र मिशन धरमपुर की ओर से पूज्य गुरुदेवश्री राकेशजी के 60वें जन्मदिवस के अवसर पर 25 और 26 सितंबर को मुंबई के जियो विश्व सम्मेलन केंद्र में दो दिवसीय ‘आहो गुरुदेव’ समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 214 शहरों, 24 देशों और पांच महाद्वीपों से हजारों साधक शामिल हुए। दो दिवसीय आयोजन को विवेक, वैराग्य और आंतरिक वैभव की अवधारणा पर केंद्रित किया गया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक प्रवचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, धार्मिक अनुष्ठान और सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं। गुरुदेवश्री राकेशजी ने समारोह के दौरान सचेत होकर चुनाव करने, साहसपूर्वक त्याग करने और करुणापूर्वक सेवा करने के विषयों पर तीन प्रवचन दिए।

पहले दिन वरिष्ठ संन्यासी आत्मार्पित नेमिजी ने गुरुदेवश्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सार्वभौमिक उत्थान के लिए 60 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इनमें 30 परियोजनाएं निस्वार्थ सेवा और 30 आध्यात्मिक विकास से जुड़ी हैं।
समारोह का दूसरा दिन आत्मार्पित दीक्षा समारोह के लिए विशेष रहा। इसमें 11 युवा साधकों ने ब्रह्मचर्य के संकल्प के साथ दीक्षा ग्रहण की। इसके अलावा दुनिया भर के साधकों की ओर से शुभकामनाओं की वैश्विक प्रस्तुति और युवाओं द्वारा ‘आहो गुरुदेव’ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

आयोजन में विभिन्न आध्यात्मिक परंपराओं के संतों और धर्मगुरुओं की भी उपस्थिति रही। इनमें स्वामी स्वरूपानंदजी, ब्रह्माकुमारी सिस्टर शिवानी, मोरारी बापू, आनंदमूर्ति गुरुमां और स्वामी चिदानंद सरस्वती सहित अन्य संत शामिल रहे।
समारोह में उद्योग, कला और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई प्रमुख लोग भी पहुंचे। नारायण मूर्ति, एन. चंद्रशेखरन और अभिनेता रणबीर कपूर समेत कई हस्तियों ने गुरुदेवश्री के सेवा और आध्यात्मिक कार्यों की सराहना की। मुंबई से शुरू हुआ यह वर्षभर चलने वाला समारोह देश के विभिन्न शहरों के साथ दुबई, लंदन, टोरंटो और अमेरिका के शहरों तक पहुंचेगा।







