चलती स्कूटर बनी आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान

जबलपुर,यशभारत। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र के अंधमूक चौराहे के समीप शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क पर चल रही एक स्कूटर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने स्कूटर को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख स्कूटर चला रहा युवक घबरा गया और तत्काल वाहन छोड़कर दूर हट गया। समय रहते स्कूटर से दूर हो जाने के कारण चालक बाल-बाल बच गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक स्कूटर का अधिकांश हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। गनीमत रही कि आग की चपेट में चालक या आसपास मौजूद कोई अन्य व्यक्ति नहीं आया।
प्रारंभिक तौर पर स्कूटर में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। घटना के दौरान कुछ देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही।






