भोपालमध्यप्रदेश
मिसरोद पुलिस ने 3 किग्रा गांजे के साथ बिहार के युवक को दबोचा

मिसरोद पुलिस ने 3 किग्रा गांजे के साथ बिहार के युवक को दबोचा
भोपाल, यशभारत। राजधानी की मिसरोद पुलिस ने घेराबंदी कर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 3 किलो 203 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि नंदी चौराहा, आकृति इको सिटी के पास एक युवक बैग में गांजा रखकर बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुशील साहू (23 वर्ष), पिता रामचंद्र साहू, निवासी बीबलाई, ब्लॉक कलुआई, जिला मधुबनी (बिहार) बताया।
पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में आरोपी के पिठू बैग से 3 किलो 203 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। मिसरोद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







