मुख्य ख़बरें

16,460 फीट की ऊंचाई पर जतिन ने फहराया तिरंगा : कलेक्टर ने किया सम्मानित,कान्हीवाड़ा के युवा पर्वतारोही ने अरुणाचल के गोरीचेन क्षेत्र की ग्लेशियर चोटी पर हासिल की उपलब्धि

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा क्षेत्र के युवा पर्वतारोही जतिन बन्देवार ने हिमालय की दुर्गम और बर्फीली ऊंचाइयों पर तिरंगा फहराकर सिवनी और मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। जतिन ने असम-अरुणाचल क्षेत्र में स्थित माउंट गोरीचेन क्षेत्र की लगभग 16,460 फीट ऊंची ग्लेशियर चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर भारतीय तिरंगा फहराया। उनकी इस उपलब्धि की जानकारी सामने आने के बाद जिले में हर्ष का माहौल है। जिसके बाद जिला कलेक्टर नेहा मीणा ने उन्हें सम्मानित किया है।

जतिन के पिता संतोष बंदेवार ने बताया कि पर्वतारोहण अभियान के दौरान जतिन को अत्यधिक ऊंचाई, कम तापमान, बर्फीले और दुर्गम रास्तों जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कठिन परिस्थितियों के बीच उन्होंने चोटी तक पहुंचकर तिरंगा फहराया। करीब 16,460 फीट की ऊंचाई समुद्र तल से लगभग 5,017 मीटर है।

 

जतिन की इस उपलब्धि पर सिवनी कलेक्टर नेहा मीना ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में उनका सम्मान किया। कलेक्टर ने उन्हें शॉल एवं श्रीफल भेंट कर पर्वतारोहण की उपलब्धि के लिए बधाई दी। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी जतिन के साहस और उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

पूर्वी हिमालय का महत्वपूर्ण पर्वतीय क्षेत्र
गोरीचेन पूर्वी हिमालय का ग्लेशियर से जुड़ा पर्वतीय समूह है। उपलब्ध भौगोलिक जानकारी के अनुसार गोरीचेन की प्रमुख ऊंचाई करीब 6,530 मीटर (21,410 फीट) है और इसके आसपास गोरीचेन-2 सहित कई ऊंची चोटियां स्थित हैं। यह क्षेत्र पर्वतारोहण अभियानों के लिए जाना जाता है।

जतिन की उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि सिवनी जैसे जिले से निकलकर उन्होंने हिमालय की चुनौतीपूर्ण ऊंचाइयों तक पहुंचकर अपने साहस और पर्वतारोहण के प्रति जुनून का परिचय दिया है। उनकी सफलता जिले के अन्य युवाओं को भी साहसिक खेलों और पर्वतारोहण जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button