रद्दी चौकी में महिला से सोने के जेवर छीने, पुराने लेनदेन का हवाला देकर वारदात का आरोप

रद्दी चौकी में महिला से सोने के जेवर छीने, पुराने लेनदेन का हवाला देकर वारदात का आरोप
जबलपुर, यश भारत। रद्दी चौकी स्थित आईआईएफएल फाइनेंस शाखा के पास एक महिला से सोने के जेवर छीनने का मामला सामने आया है। दीक्षितपुरा निवासी सपना शुक्ला ने पुलिस को बताया कि वह अपने सोने के आभूषणों का वैल्यूएशन कराने फाइनेंस कार्यालय पहुंची थीं। काम नहीं होने पर जब वह बाहर निकलीं, तभी वहां मौजूद कुछ युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। महिला के मुताबिक, युवकों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद आरोपी उन्हें जबरदस्ती सिंधी कॉलोनी की ओर ले गए। यहां आरोपियों ने किसी पुराने लेनदेन का हवाला देते हुए उनके पहने हुए सोने के जेवर उतरवा लिए। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उनके कान के टॉप्स और करीब 50 से 60 ग्राम वजनी मंगलसूत्र छीन लिया।
सपना के अनुसार, वारदात में करीब 4 से 5 युवक शामिल थे और सभी के चेहरे खुले हुए थे। घटना के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है।







