तीन सौ से ज्यादा गुण्डे-बदमाशों पर पुलिस की पैनी नजर, हॉटस्पॉट एवं शैडो एरिया में पुलिस की सघन चेकिंग

कटनी, यशभारत। जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था को सुदृढ़ एवं चुस्त दुरुस्त रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिले के चारों अनुविभागों के अधिकारियों के नेतृत्व में सभी थाना क्षेत्रों में सरप्राइज सघन चेकिंग एवं पेट्रोलिंग अभियान लगातार जारी है। अभियान के दौरान पुलिस टीमों द्वारा जिले के हॉटस्पॉट एवं शैडो एरिया में सघन चेकिंग एवं निगरानी की गई। वहीं संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण एवं बाइक पेट्रोलिंग करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। अभियान के तहत पुलिस द्वारा क्षेत्र के गुंडे बदमाशों, नकबजनों, लुटेरों, चाकूबाजों, निगरानीशुदा बदमाशों, जिलाबदर एवं रासुका के आरोपियों सहित विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे 334 व्यक्तियों की चेकिंग एवं निगरानी की गई। चेकिंग के दौरान संबंधित व्यक्तियों को कानून एवं शांति व्यवस्था का उल्लंघन नहीं करने तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई किए जाने के संबंध में सख्त हिदायत दी गई। पुलिस टीमों द्वारा अपराध की दृष्टि से संवेदनशील एवं चिन्हित हॉटस्पॉट तथा शैडो एरिया में लगातार भ्रमण एवं चेकिंग की गई। पुलिस की अलग.अलग टीमों ने क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यकतानुसार पूछताछ एवं वैधानिक कार्रवाई की। होटल, लॉज, ढाबों एवं सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान के दौरान होटल, लॉज, रैन बसेरा, ढाबे, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष चेकिंग की गई। यहां ठहरे एवं आने.जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी ली गई तथा संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी करते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई।






