दिल्ली-पटना के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस की दो उड़ानें सात दिन रद्द,यात्रियों की बढ़ सकती है परेशानी

नई दिल्ली, यश भारत । दिल्ली और पटना के बीच हवाई सफर करने वाले यात्रियों को अगले कुछ दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दिल्ली-पटना-दिल्ली रूट पर संचालित होने वाली अपनी दो उड़ानों को सात दिनों के लिए रद्द करने का निर्णय लिया है। एयरलाइन की ओर से उड़ानों के रद्द होने के पीछे परिचालन संबंधी कारण बताए गए हैं। जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या आईएक्स1346 और आईएक्स1348 आगामी 24 सितंबर से 30 सितंबर तक संचालित नहीं होंगी। इस अवधि में इन दोनों उड़ानों से यात्रा करने वाले यात्रियों की यात्रा प्रभावित होगी।एयरलाइन की ओर से इस संबंध में पटना एयरपोर्ट अथॉरिटी को भी सूचना दी गई है। हालांकि, कंपनी ने उड़ानों को रद्द करने के पीछे किसी विशेष तकनीकी या अन्य कारण की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। साथ ही प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक उड़ान, यात्रा में बदलाव या टिकट रिफंड को लेकर भी फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
सात दिनों तक दो उड़ानों के रद्द रहने से दिल्ली और पटना के बीच हवाई यात्रियों के सामने विकल्प सीमित हो सकते हैं। खासतौर पर त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले इस रूट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना रहती है। ऐसे में अन्य उपलब्ध उड़ानों में सीटों की मांग बढ़ सकती है।उड़ानों के रद्द होने के कारण दिल्ली-पटना रूट पर हवाई किरायों पर भी असर पड़ने की संभावना है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी बुकिंग की स्थिति की जांच करें और यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन से उड़ान के संचालन तथा टिकट संबंधी जानकारी प्राप्त कर लें।







