क्राइम ब्रांच ने 45 पेटी देशी मदिरा के साथ 7आरोपियों को किया गिरफ्तार, स्कॉर्पियो भी जब्त

क्राइम ब्रांच ने 45 पेटी देशी मदिरा के साथ 7आरोपियों को किया गिरफ्तार, स्कॉर्पियो भी जब्त
बाग मुगलिया शराब दुकान से जुड़ी बताई जा रही शराब की खेप, सॉम कंपनी मैनेजर की भूमिका की भी जांच जारी
भोपाल, यशभारत। राजधानी क्राइम ब्रांच पुलिस ने 45 पेटी अवैध देशी शराब जब्त की है। वही मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर अपराध दर्ज किया गया है, साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, जब्त की गई शराब की यह खेप बाग मुगलिया स्थित देशी शराब दुकान से लोड की गई थी। बताया जा रहा है कि उक्त शराब दुकान सॉम कंपनी से जुड़ी हुई है। सूत्रों का कहना है कि अवैध रूप से शराब खपाने के इस मामले में कंपनी के मैनेजर की भूमिका भी संदेह के घेरे में है और जांच के बाद उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया जा सकता है।
सागर शराब कांड के बाद बढ़ी सतर्कता
हाल ही में चर्चित हुए सागर शराब कांड की पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस विभाग इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रहा है। शराब कहां से खरीदी गई और इसके पीछे किन-किन लोगों का सिंडिकेट काम कर रहा है, पुलिस इन तमाम बिंदुओं पर गहराई से पड़ताल कर रही है।
फिलहाल शराब दुकान प्रबंधन या कंपनी मैनेजर की संलिप्तता को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।






