न्यू मार्केट चौराहे पर खुली डीपी, तार दे रहे हादसे को न्योता

न्यू मार्केट चौराहे पर खुली डीपी, तार दे रहे हादसे को न्योता
– भीड़भाड़ वाले इलाके में जान जोखिम में डालकर गुजर रहे लोग, रहवासियों ने बिजली कंपनी से तत्काल कार्रवाई की मांग की
भोपाल, यश भारत । राजधानी के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल न्यू मार्केट चौराहे के पास बिजली की डीपी खुली पड़ी है और उसके तार बाहर निकले हुए हैं। आसपास लगातार लोगों की आवाजाही के बीच खुले तार किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। स्थानीय दुकानदारों और रहवासियों का कहना है कि डीपी को सुरक्षित तरीके से बंद नहीं किया गया तो कभी भी करंट की चपेट में आने की घटना हो सकती है। न्यू मार्केट में दिनभर खरीदारी करने वालों की भीड़ रहती है। ऐसे में सड़क किनारे खुले पड़े बिजली के तार लोगों के लिए चिंता का कारण बने हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार बच्चे और राहगीर आसपास से गुजरते हैं। यदि किसी ने अनजाने में खुले तार को छू लिया तो गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
शहर में जगह-जगह सुरक्षा को लेकर सवाल
रहवासियों का कहना है कि बिजली के खुले तार और असुरक्षित डीपी केवल न्यू मार्केट तक सीमित चिंता नहीं हैं। टीटी नगर, एमपी नगर, अशोका गार्डन, करोंद, अयोध्या नगर, कोलार और बैरागढ़ सहित शहर के कई हिस्सों में बिजली के उपकरणों के रखरखाव और सुरक्षा को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं। लोगों का कहना है कि बिजली कंपनी को ऐसे संवेदनशील स्थानों का नियमित निरीक्षण करना चाहिए, ताकि खराब या खुले उपकरण समय रहते दुरुस्त किए जा सकें।
हादसे के बाद नहीं, पहले हो सुधार
स्थानीय लोगों ने बिजली कंपनी से मांग की है कि न्यू मार्केट चौराहे की खुली डीपी को तत्काल सुरक्षित किया जाए। साथ ही आसपास की डीपी और बिजली लाइनों का भी निरीक्षण कराया जाए। लोगों का कहना है कि किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले ही खतरनाक स्थिति को खत्म करना चाहिए। भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर बिजली सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही सीधे लोगों की जान पर भारी पड़ सकती है।







