भोपाल,यशभारत

मध्य प्रदेश में त्योहारों पर चलेंगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें, जानें किन शहरों के यात्रियों को मिलेगी राहत
भोपाल,यशभारत। आगामी त्योहारों दुर्गा पूजा, दीपावली, छठ और पितृपक्ष के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे ने मध्य प्रदेश से गुजरने वाली कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। इन विशेष ट्रेनों के संचालन से प्रदेश के लाखों रेल यात्रियों को उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत के प्रमुख राज्यों के लिए अतिरिक्त बर्थ और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इन फेस्टिवल ट्रेनों के माध्यम से भोपाल, बीना, इटारसी, गुना, सागर, दमोह, कटनी और खंडवा जैसे प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के शहरों के लिए सीधी आवाजाही की सुविधा होगी।
प्रमुख फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की समय-सारणी:
अजमेर-रांची पूजा स्पेशल (09619/09620): यह ट्रेन दोनों दिशाओं में 9-9 फेरे लगाएगी। अजमेर से 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक हर शुक्रवार और रांची से 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक हर रविवार को चलेगी। मध्य प्रदेश में इसका ठहराव गुना, सागर, दमोह, कटनी और सिंगरौली स्टेशनों पर रहेगा।
जोधपुर-चेन्नई बीच पूजा स्पेशल (04815/04816): यह ट्रेन भी 9-9 फेरे लगाएगी और राजस्थान को दक्षिण भारत से जोड़ते हुए MP
के गुना, बीना, भोपाल तथा इटारसी स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
रानी कमलापति-गया स्पेशल (01661/01662): पितृपक्ष में गया जी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रानी कमलापति (भोपाल) से गया के बीच यह विशेष ट्रेन 27 सितंबर, 2 अक्टूबर और 7 अक्टूबर को संचालित होगी। गया से वापसी 30 सितंबर, 5 अक्टूबर और 10 अक्टूबर को रहेगी।
इन रूटों पर भी मिलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें:
त्योहारों के सीजन में यात्रियों की सुगमता के लिए पुणे-गोरखपुर स्पेशल (01415/01416), मुंबई सीएसएमटी-गोरखपुर स्पेशल (01079/01080), रानी कमलापति-रीवा पूजा स्पेशल (02191/02192), रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर स्पेशल (01710/01709), सुल्तानपुर-मुंबई (04212/04211) और वाराणसी-मुंबई स्पेशल (04226/04225) का संचालन भी अक्टूबर और नवंबर माह में किया जाएगा।
विशेष ट्रेनों के शुरू होने से त्यौहारों पर घर जाने वाले और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को कंफर्म सीट पाने में काफी सहूलियत होगी।







