‘चोरी की पाठशाला’ चलाने वाला अंतरराज्यीय सरगना ₹10 लाख के जेवरात सहित गिरफ्तार तिलवारा पुलिस की बड़ी सफलता

जबलपुर,यशभारत। जबलपुर की तिलवारा थाना पुलिस ने एक बेहद शातिर और अनोखे अंतरराज्यीय नकबजनी सिंडिकेट का पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग ₹10 लाख मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी युवाओं को बाकायदा ‘चोरी की कोचिंग’ देकर उन्हें ताला तोड़ने और पुलिस से बचने के पैंतरे सिखाता था।
भोपाल से दबोचा गया ₹10 लाख का इनामी शातिर
पुलिस अधीक्षक (SP) संपत उपाध्याय के कुशल निर्देशन में गठित संयुक्त पुलिस और साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमनाथ उर्फ पप्पू मल्लाह (50 वर्ष), निवासी ग्राम दलपतपुर, भेड़ाघाट को भोपाल से हिरासत में लिया। आरोपी के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों, जिलों और थानों में चोरी, नकबजनी व लूट के एक दर्जन से अधिक गंभीर मामले पहले से ही दर्ज हैं।
पत्नी के साथ करता था रेकी, आधुनिक हथियारों से लैस था गिरोह
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने जेडीए (JDA) कॉलोनी में हुई हालिया चोरी की वारदात को स्वीकार करते हुए अपने चौंकाने वाले ‘मोडस ऑपरेंडी’ (वारदात के तरीके) का खुलासा किया। आरोपी चोरी करने से पहले दिन में अपनी पत्नी के साथ जाकर सूने मकानों की रेकी करता था। इसके बाद वह कार से अपने गिरोह के चोरों को घटना स्थल पर छोड़ देता था और वारदात पूरी होने के बाद तय समय पर उन्हें वापस लेकर भाग जाता था। चोरी को आसान बनाने के लिए वह गिरोह के लड़कों को आधुनिक हथियार और कटर आदि भी मुहैया कराता था।
सूने मकान में चोरी के बाद एक्शन में आई पुलिस
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 22 मार्च 2026 की दरमियानी रात तिलवारा क्षेत्र के जेडीए कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया था। फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331, 305 और 317 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्यों और साइबर सेल से प्राप्त तकनीकी डेटा के बारीक विश्लेषण के बाद पुलिस इस शातिर नेटवर्क तक पहुंचने में कामयाब रही।
पुलिस टीम को मिलेगा नकद पुरस्कार
इस बड़ी सफलता में मुख्य भूमिका निभाने वाले तिलवारा थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश मिश्रा, उप निरीक्षक उमंग अग्रवाल, प्रधान आरक्षक जयशंकर चौहान, आरक्षक शैलेंद्र पाटकर, पिंटू यादव और साइबर सेल के आरक्षक अरविंद सूर्यवंशी व मनोज चौधरी की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है। उत्कृष्ट कार्य करने वाली इस संयुक्त टीम को उचित नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान करने की घोषणा की गई है।







