
पाकिस्तान के कोहाट में मस्जिद के पास धमाका, 16 की मौत; 50 से ज्यादा घायल
इस्लामाबाद, एजेंसी। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट जिले में शुक्रवार को पुलिस लाइंस क्षेत्र में मस्जिद के पास हुए धमाके में पांच पुलिसकर्मियों समेत 16 लोगों की मौत हो गई। घटना में 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकवादी भी मारे गए हैं। पुलिस के मुताबिक धमाका शुक्रवार की नमाज के दौरान हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मस्जिद का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और एक दीवार गिर गई। धमाके के स्थान पर बड़ा गड्ढा भी बन गया। मृतकों में पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।जिला मुख्यालय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ताहिर अली शाह ने बताया कि घटना में 16 लोगों की मौत हुई है, जिनमें पांच पुलिसकर्मी शामिल हैं। 50 से अधिक घायलों का इलाज किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने के बाद आपातकालीन व्यवस्था लागू कर दी है।
खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक हामिद ने बताया कि विस्फोटकों से भरी एक गाड़ी पुरानी पुलिस लाइंस के गेट से टकराई, जिसके बाद विस्फोट हुआ। इसके साथ ही गोलीबारी भी शुरू हो गई। आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ के दौरान स्पेशल ब्रांच की इमारत में एक और आत्मघाती विस्फोट होने की जानकारी दी गई है।घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और तलाशी अभियान जारी है। कोहाट-हंगू रोड को सभी तरह के यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। राहत और बचाव दल घटनास्थल पर काम कर रहे हैं।







