छोला मंदिर इलाके में पकड़ाया शातिर झपटमार

छोला मंदिर इलाके में पकड़ाया शातिर झपटमार
भोपाल, यश भारत । राजधानी के थाना छोला मंदिर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हल्दीराम कंपनी के सेल्समैन से रुपये छीनकर भागने वाले शातिर झपटमार को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटे गए पूरे 35 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। पकड़ा गया आरोपी आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में 17 से अधिक अपराध दर्ज हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैलाश नगर निवासी फरियादी विपिन दुबे, जो हल्दीराम नमकीन में सेल्समैन का काम करते हैं, 12 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे प्रेमनगर कॉलोनी स्थित महाकाल किराना स्टोर के सामने अपना लोडिंग ऑटो खड़ा कर कलेक्शन राशि लेने दुकान पर गए थे। इसी बीच एक अज्ञात बदमाश ने वाहन में रखे कलेक्शन के पैसों वाले झोले में हाथ डालकर रुपये निकालने का प्रयास किया। फरियादी द्वारा विरोध करने पर आरोपी झपट्टा मारकर पैसों से भरा झोला छीनकर भाग निकला।
भागने के दौरान आरोपी के हाथ से करीब 5 हजार रुपये सड़क पर गिर गए, जिन्हें आसपास के लोगों ने एकत्र कर फरियादी को सौंप दिया। शेष 35 हजार रुपये लेकर बदमाश चंपत हो गया। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक सरस्वती तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर हुलिया निकालकर संदेही की पहचान राहुल उर्फ केडी चौरसिया (20), निवासी अटल अक्षय नगर, थाना गौतमनगर के रूप में की गई।
तलाश के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अग्रवाल सांची डेयरी के पीछे रेलवे पटरी के पास घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। सघन पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उससे लूटी गई राशि बरामद कर उसे न्यायालय में पेश
किया।






