सुरक्षा मानकों में खामी, 8 स्कूल बसों की फिटनेस निरस्त
38 वाहनों की जांच में आपातकालीन द्वार पर मिली सीटें

सुरक्षा मानकों में खामी, 8 स्कूल बसों की फिटनेस निरस्त
38 वाहनों की जांच में आपातकालीन द्वार पर मिली सीटें

पेनिक बटन भी नहीं कर रहा था काम; 11 वाहन बरही थाने में खड़े कराए
कटनी, यशभारत। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग की सघन जांच में स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर कमियां सामने आई हैं। जिले में 38 स्कूल बसों एवं अन्य स्कूल वाहनों की जांच के दौरान 8 बसों में आपातकालीन द्वार पर सीट लगी मिली, जिससे आपात स्थिति में बच्चों को बाहर निकालने में बाधा की स्थिति बन सकती है। इन वाहनों में वीएलटीडी (पेनिक बटन) भी सुचारू रूप से काम नहीं कर रहा था।
कलेक्टर के निर्देश पर अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 8 स्कूल बसों की फिटनेस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई। कार्रवाई के दौरान कुल 11 स्कूल वाहनों को सुरक्षार्थ थाना बरही में खड़ा कराया गया, ताकि आवश्यक सुधार के बिना उनका संचालन न हो सके।
जांच के दायरे में सुधा स्मृति स्कूल की दो बसें, एसएसएस गुरुकुल स्कूल की चार बसें, आरसी स्कूल की तीन बसें तथा सरस्वती स्कूल का एक टाटा मैजिक और एक अन्य स्कूल वाहन शामिल रहा। विभाग ने इन वाहनों की फिटनेस के साथ आपातकालीन द्वार, पेनिक बटन और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी जांच की।
परिवहन विभाग के अनुसार स्कूल वाहनों में आपातकालीन द्वार और सुरक्षा उपकरणों का कार्यशील होना अनिवार्य है। विभाग ने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







