हत्या के आरोपी को आरपीएफ ने जनरल कोच से दबोचा, चार साल से दे रहा था पुलिस को चकमा
5 हजार रुपए का इनाम था घोषित

जबलपुर यशभारत। पिछले 4 सालों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे हत्या के आरोपी को इटारसी आरपीएफ ने दबोच लिया। फरार चल रहे आरोपी पर 5 हजार रुपए के ईनाम रखा गया था।आरपीएफ टीम को आरोपी ट्रेन क्रमांक 17605 में जनरल कोच में जांच की और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ एवं पहचान की पुष्टि के बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रीठी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
इस संबंध में इटारसी आरपीएफ ने बताया कि पुलिस थाना रीठी, जिला कटनी में वर्ष 2022 में हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी लंबे समय से फरार था। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 एवं 34 के तहत प्रकरण दर्ज था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
फोटो से हुई पहचान
जानकारी के मुताबिक रीठी पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में वांछित इनामी आरोपी ट्रेन क्रमांक 17605 से यात्रा कर रहा है। आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के लिए रीठी पुलिस ने RPF को उसका फोटो, प्रकरण से संबंधित FIR की प्रति और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई। उक्त सूचना मिलते ही RPF इटारसी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की। ट्रेन के इटारसी स्टेशन पहुंचते ही RPF जवानों ने सघन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान जनरल कोच में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ और उपलब्ध फोटो से मिलान करने पर उसकी पहचान हत्या के मामले में फरार चल रहे इनामी आरोपी के रूप में हुई।आरोपी की पहचान होते ही RPF टीम ने उसे हिरासत में लेकर सुरक्षित रूप से RPF पोस्ट इटारसी पहुंचाया। इसके बाद तत्काल रीठी पुलिस को गिरफ्तारी की सूचना दी गई।
अगले दिन पुलिस थाना रीठी से उप निरीक्षक दिनेश सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक अजय मेहरा एवं आरक्षक शमशेर सिंह की टीम इटारसी पहुंची। आवश्यक दस्तावेजी एवं औपचारिक कार्रवाई पूरी करने के बाद RPF ने आरोपी को रीठी पुलिस टीम के सुपुर्द कर दिया। उक्त कार्रवाई में कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा एवं प्रकाश बिल्होरे, आरक्षक ब्रजमोहन, दाताराम और लखन गुर्जर सहित प्रधान आरक्षक लालू चौधरी एवं आरक्षक ओमप्रकाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







