सागर शराब त्रासदी : आरोपियों के अवैध ठिकानों पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल तैनात

सागर, यशभारत- बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में हुए चर्चित शराब कांड के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिले निर्देशों के बाद जिला प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई है। माफिया के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासन ने मुख्य आरोपियों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले के प्रमुख आरोपी चंदू (चंद्रभान) राजपूत, मनीष लोधी और आशीष साहू के अवैध मकानों, दुकानों और ठिकानों पर जेसीबी व बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज कर दिया।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में किसी भी संभावित विरोध या अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वाले भू-माफियाओं और अपराधियों में हड़कंप मच गया है। शासन का स्पष्ट संदेश है कि कानून से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।







