वाह रे! विकाश : दो बार भूमि पूजन, पांच साल बाद भी नहीं बना स्टॉप डेम : नदी पार कर स्कूल पहुंचते हैं दर्जनों बच्चे

यशभारत डिंडोरी/ करंजिया।डिंडौरी जिले के करंजिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सेनगुड़ा के पोषक ग्राम टफिया टोला में तुड़ार नदी पर प्रस्तावित काजवे कम स्टॉप डेम का निर्माण वर्षों बाद भी शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य के लिए वर्ष 2021 और 2023 में दो बार भूमि पूजन किया जा चुका है, लेकिन अब तक मौके पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। इससे बारिश के दिनों में नदी के उस पार रहने वाले ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, शुरुआत में स्टॉप डेम निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग को दी गई थी। बताया जा रहा है कि स्वीकृत राशि कम होने के कारण बाद में लागत राशि बढ़ाकर करीब 72 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई और निर्माण कार्य जल संसाधन विभाग को सौंपा गया। इसके बावजूद निर्माण शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
बैग पहले पहुंचाते हैं, फिर बच्चों को कंधे पर बैठाकर पार कराते हैं नदी
बारिश के दौरान तुड़ार नदी का जलस्तर बढ़ने पर टफिया टोला सहित नदी के उस पार बसे गांवों का आवागमन प्रभावित हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि सेनगुड़ा हाईस्कूल में पढ़ने वाले करीब 50 बच्चे इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं। नदी में पानी बढ़ने पर परिजन पहले बच्चों के बैग दूसरी ओर पहुंचाते हैं और फिर छोटे बच्चों को कंधे पर बैठाकर नदी पार कराते हैं। ऐसे हालात में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
मरीजों और गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी
ग्रामीणों के मुताबिक, आवागमन की समस्या केवल स्कूली बच्चों तक सीमित नहीं है। बीमार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने में भी काफी परेशानी होती है। बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ता है। टफिया टोला से नदी के दूसरी ओर बसे कई गांवों के लोगों के लिए यही रास्ता प्रमुख आवागमन मार्ग है।
ग्रामीणों ने जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग की
ग्रामीणों का कहना है कि स्टॉप डेम के लिए दो बार भूमि पूजन होने के बावजूद पांच साल बाद भी निर्माण शुरू नहीं होना चिंता का विषय है। यदि समय रहते निर्माण पूरा हो जाता तो बारिश के दिनों में ग्रामीणों और बच्चों को नदी पार करने की समस्या से राहत मिल सकती थी। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से प्रस्तावित काजवे कम स्टॉप डेम का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान लोगों को जान जोखिम में डालकर नदी पार न करनी पड़े।







