कटनी

खेत में लहलहा रही थी गांजे की फसल, माधवनगर पुलिस की दबिश, 30 किलो 790 ग्राम हरे गांजे के पौधे जब्त

कटनी, यशभारत। अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत माधवनगर पुलिस ने अवैध गांजा की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपी के खेत में बनी बाड़ी से 30 किलो 790 ग्राम हरे गांजे के पौधे जब्त किए हैं। थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि विगत दिवस गश्त के दौरान पुलिस टीम निवार गांव स्थित आरोपी अनिल गोस्वामी पिता रामराज गोस्वामी के खेत में बनी बाड़ी में पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी घबरा गया और भागने का प्रयास किया लेकिन उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने गांजा के पौधे लगाने की बात स्वीकार की। विधिवत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने खेत में लगे गांजा के पौधे जब्त किए, जिनका वजन 30 किलो 790 ग्राम था। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। मामले की विवेचना जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव, उप निरीक्षक राजेश बागरी, प्रधान आरक्षक अजित सिंह, विनोद विश्वकर्मा, आरक्षक लोकेन्द्र सिंह, मणि सिंह, रोहित सिंह और नवीन शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button