भोपालमध्य प्रदेशराज्य

बड़ी खबर : बीना जंक्शन पर 65 दिन का मेगा ब्लॉक, 344 ट्रेनों का संचालन होगा प्रभावित : यार्ड रिमॉडलिंग अंतिम चरण में, रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद अगले 10 दिनों में शुरू हो सकता है काम

सागर यशभारत- सागर जिले के बीना रेलवे जंक्शन पर चल रहा यार्ड रिमॉडलिंग कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बाद अगले 10 दिनों में करीब 65 दिनों का मेगा ब्लॉक शुरू होने की संभावना है। इस दौरान प्री-प्रीएनआई, प्रीएनआई और एनआई ब्लॉक के चलते बीना जंक्शन से गुजरने वाली ट्रेनों का संचालन बड़े स्तर पर प्रभावित होगा।

 

रेलवे प्रशासन ने मेगा ब्लॉक के दौरान ट्रेन संचालन को लेकर व्यापक योजना तैयार की है। प्रस्तावित ब्लॉक के दौरान कुल 344 ट्रेनों का आवागमन प्रभावित होने की संभावना है। इनमें 212 ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए जाएंगे, जबकि 16 ट्रेनों के कुल 170 फेरे निरस्त रहेंगे। इसके अलावा कई प्रमुख एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा।

 कई प्रमुख ट्रेनें रहेंगी निरस्त

मेगा ब्लॉक के दौरान भोपाल-ग्वालियर एक्सप्रेस और ग्वालियर-भोपाल एक्सप्रेस करीब 15 दिनों तक रद्द रहेंगी। वहीं ग्वालियर-बेंगलुरु एक्सप्रेस और बेंगलुरु-ग्वालियर एक्सप्रेस के तीन-तीन फेरे निरस्त किए जाएंगे।

 

स्थानीय यात्रियों को भी इसका असर झेलना पड़ेगा। बीना-रुठियाई मेमू के 17 फेरे तथा एक अन्य बीना-रुठियाई मेमू के 16 फेरे निरस्त किए गए हैं। इसी तरह बीना-कटनी मुड़वारा मेमू के 16 फेरे रद्द रहेंगे। संतरागाछी एक्सप्रेस के दोनों दिशाओं में एक-एक फेरे भी निरस्त किए जाएंगे।

दमोह-भोपाल राज्यरानी एक्सप्रेस के दोनों दिशाओं के सात-सात फेरे और ललितपुर-बीना मेमू के सात-सात फेरे भी रद्द रहेंगे। इस प्रकार कुल 16 ट्रेनों के 170 फेरे निरस्त होने से यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था करनी पड़ सकती है।

212 ट्रेनों के बदले जाएंगे मार्ग

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और ट्रेन संचालन को यथासंभव जारी रखने के लिए 212 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने की योजना बनाई है। बदले हुए मार्ग के कारण कुछ ट्रेनों की यात्रा अवधि बढ़ सकती है। वहीं कुछ ट्रेनों को निर्धारित गंतव्य से पहले ही समाप्त कर यात्रियों को वैकल्पिक साधनों से आगे की यात्रा करनी पड़ सकती है।

 परिचालन क्षमता बढ़ाना मुख्य उद्देश्य

बीना जंक्शन का यार्ड रिमॉडलिंग रेलवे की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में शामिल है। इस कार्य का मुख्य उद्देश्य स्टेशन और यार्ड की परिचालन क्षमता बढ़ाना तथा ट्रेनों के संचालन को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाना है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद बीना जंक्शन पर ट्रेनों के आवागमन और परिचालन व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है।

रेलवे प्रशासन द्वारा मेगा ब्लॉक की अंतिम तिथियां और प्रभावित ट्रेनों की विस्तृत सूची जारी किए जाने के बाद यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और परिवर्तित मार्ग की जानकारी जांचने की सलाह दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button