जहरीली शराब कांड के बाद एक्शन मोड में आबकारी विभाग

जहरीली शराब कांड के बाद एक्शन मोड में आबकारी विभाग
– तीन दिन में 1554 केस, 12 हजार लीटर से ज्यादा अवैध शराब जब्त; 974 आरोपियों पर शिकंजा
भोपाल, यश भारत । सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद मध्यप्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। प्रदेशभर में 6 से 8 सितंबर तक चलाए गए विशेष अभियान में 1554 प्रकरण दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान 12107 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जबकि 974 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
8 सितंबर को ही 554 मामले – आबकारी विभाग के अनुसार 8 सितंबर को प्रदेश में 554 प्रकरण दर्ज किए गए। इस दौरान 4282 लीटर अवैध शराब जब्त की गई और 338 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हुई। आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना के निर्देश पर जिलों में अभियान चलाया गया। कलेक्टर, एसपी और आबकारी अधिकारियों को अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, बिक्री और भंडारण के मामलों में सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
धारा 34(1) में सबसे ज्यादा कार्रवाई – तीन दिन की कार्रवाई में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत 1536 प्रकरण दर्ज हुए। इस धारा में 50 लीटर से कम मात्रा में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, कब्जे और बिक्री से जुड़े मामलों में कार्रवाई की जाती है। सागर की घटना के बाद विभाग की इस कार्रवाई को अवैध शराब के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।







