भोपाल में जदयू के संभागीय सदस्यता अभियान का शुभारंभ युवाओं ने थामी पार्टी की सदस्यता, सुरेंद्र त्यागी प्रदेश महासचिव और श्रवण गुप्ता बने नगर अध्यक्ष

भोपाल में जदयू के संभागीय सदस्यता अभियान का शुभारंभ
युवाओं ने थामी पार्टी की सदस्यता, सुरेंद्र त्यागी प्रदेश महासचिव और श्रवण गुप्ता बने नगर अध्यक्ष
भोपाल, यश भारत। जनता दल (यू) मध्य प्रदेश के प्रदेश कार्यालय प्रोफेसर कॉलोनी में भोपाल संभागीय सदस्यता अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत हजारों युवाओं ने जनता दल (यू) की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जदयू मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने पार्टी में शामिल होने वाले युवाओं का पुष्पहार और पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जनता दल (यू) समाजवादी विचारधारा और जनसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने वाली प्रमुख राजनीतिक पार्टियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का लक्ष्य सत्ता को समाजसेवा का माध्यम बनाकर जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी विचारधारा और युवा नेतृत्व के प्रति बढ़ते आकर्षण के चलते युवाओं का रुझान जदयू की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन में मेहनत और क्षमता के आधार पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाती हैं।
नई जिम्मेदारियां
संगठन विस्तार के तहत सुरेंद्र त्यागी को जदयू मध्य प्रदेश का प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया। वहीं श्रवण गुप्ता को भोपाल नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वरिष्ठ पत्रकार मनोज प्रसाद को पार्टी का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और सदस्यता अभियान को गति देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष हरिओम सूर्यवंशी प्रदेश महासचिव शोभन सिंह सिसोदिया कार्यालय प्रभारी अयाज अली भोपाल जिला अध्यक्ष गुड्डू भाई सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी ने कहा कि संभागीय सदस्यता अभियान को प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। युवाओं के साथ किसानों मजदूरों और समाज के सभी वर्गों को पार्टी से जोड़ने का अभियान जारी रहेगा।







