कटनीमध्य प्रदेश

दधिकांदो महोत्सव में दिखेगा युवाओं का जोश

मटकी फोड़ने बनेंगी मानव मीनारें, कृष्णभक्ति में रंगेगा शहर

दधिकांदो महोत्सव में दिखेगा युवाओं का जोश

मटकी फोड़ने बनेंगी मानव मीनारें, कृष्णभक्ति में रंगेगा शहरScreenshot 20260906 115011 Chrome Screenshot 20260906 115021 Chrome

भजन मंडलियों के साथ रासलीला, लोकनृत्य और झांकियां बनेंगी आकर्षण

कटनी, यशभारत। कहीं मटकी फोड़ने के लिए बनती मानव मीनार, कहीं ढोल-ताशों की गूंज और कहीं रासलीला व लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां… दधिकांदो महोत्सव पर आज रविवार की शाम शहर कृष्णभक्ति और उल्लास में डूबा नजर आएगा। भगवान श्री मुरली मनोहर की शोभायात्रा में युवाओं का उत्साह खास आकर्षण रहेगा।
शहर में जगह-जगह मटकी बांधी जाएगी। इन्हें फोड़ने के लिए युवाओं की टोलियां मानव मीनार बनाकर आगे बढ़ेंगी। मटकी फूटते ही जय श्रीकृष्ण के जयकारों से माहौल गूंज उठेगा। श्रद्धालु जगह-जगह भगवान कान्हा का स्वागत करेंगे और दही-माखन का वितरण किया जाएगा।
शोभायात्रा में अनेक भजन मंडलियां, रासलीला, लोककलाओं पर आधारित नृत्य और आकर्षक झांकियां साथ चलेंगी। सागर का डमरू-ताशा दल, मेरठ की शिव तांडव झांकी, राजस्थान की मोट-पतलू टीम, जबलपुर के अखाड़े के कलाकारों का व्यायाम प्रदर्शन व ऊंची मटकी फोड़, सतगुरु अखाड़ा सागर का झांझर प्रदर्शन और राधा-कृष्ण नृत्य झांकी सहित कई प्रस्तुतियां लोगों का ध्यान खींचेंगी।
श्री बधाई उत्सव कमेटी द्वारा निकाली जा रही शोभायात्रा शाम 5 बजे श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर से शुरू होगी। लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर, साई मंदिर के पास, उस्ताद सुक्खन अखाड़ा मैदान, व्यंकटेश मंदिर, गजानन टॉकीज चौराहा, गोल बाजार और सुभाष चौक सहित विभिन्न स्थानों पर मटकी बांधने और दही-माखन वितरण की व्यवस्था रहेगी।
जवाहर चौक में शाम 6 बजे से राजस्थान का प्रसिद्ध कठपुतली नृत्य होगा। सहभागी संस्थाओं का सम्मान किया जाएगा, वहीं बच्चों की आकर्षक वेशभूषा भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगी। शोभायात्रा मार्ग पर नगर निगम ने सफाई व्यवस्था की है, जबकि पुलिस और प्रशासन ने यातायात व सुरक्षा की निगरानी के इंतजाम किए हैं।
कमेटी पदाधिकारी संयोजक प्रेमप्रकाश दीक्षित व संजीव चौदहा, अध्यक्ष अभिषेक पुरवार, सचिव अतीश खम्परिया, कोषाध्यक्ष संतोष पाण्डेय और शिवम पहारिया ने सभी से आयोजन में सहभागिता की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button