देशमध्य प्रदेश

सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से 12 मौतें, 50 से अधिक बीमार

छह शराब दुकानें सील, सैंपलिंग शुरू

सागर,यशभारत। सागर जिले के बंडा तहसील क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से हालात गंभीर हो गए हैं। पिछले 48 घंटों में नौराज, गूगरा खुर्द, बरेठी, बमूरा, चाटन, चौका और आसपास के गांवों में शराब पीने के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई। अब तक 12 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है, जबकि 50 से अधिक लोग बीमार बताए जा रहे हैं। इनमें 10 से अधिक गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित गांवों का जायजा लेने के साथ मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था भी देखी गई। आसपास के गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही हैं।

इन लोगों की मौत की जानकारी

नौराज निवासी करतार लोधी (30), पिता जोधन लोधी; डिगविजय लोधी (28), पिता देवेंद्र लोधी; राजेंद्र लोधी (26), पिता मूरत सिंह लोधी; चाटन निवासी रोशन लोधी (32), पिता जगन्नाथ लोधी; गूगरा खुर्द निवासी गोगलू उर्फ चयन सिंह लोधी (42), पिता साहब सिंह; चौका निवासी हरनाम सिंह लोधी (42), पिता घनश्याम सिंह लोधी और उजयार सिंह लोधी (56), पिता विजय सिंह लोधी के नाम सामने आए हैं। प्रशासन की ओर से बाकी मृतकों की पहचान की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

10 से अधिक गंभीर मरीज सागर रेफर

जहरीली शराब के सेवन के बाद गंभीर हालत में कई मरीजों को बंडा सिविल अस्पताल से सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इनमें दलपतपुर निवासी उत्तम सिंह राय (35), पिता नाथू सिंह राय की हालत अत्यंत नाजुक बताई गई है। इसके अलावा गूगरा निवासी मक्खन (35), पिता अनरथ और हिनौती निवासी धनसिंह आदिवासी (40), पिता परमसिंह आदिवासी को भी गंभीर हालत में सागर भेजा गया है। अस्पतालों में अन्य मरीजों का उपचार जारी है।

छह शराब दुकानें सील, सैंपलिंग शुरू

घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन क्षेत्र की छह मदिरा दुकानों को सील कर दिया है। शराब के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और शराब के स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि जहरीली शराब के सेवन से लोग बीमार हुए हैं और कुछ लोगों की मौत भी हुई है। सिविल अस्पताल में मरीजों की जांच की जा रही है। आसपास के गांवों में डॉक्टरों की टीमें लगातार स्क्रीनिंग कर रही हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि पिछले 24 से 48 घंटे में शराब का सेवन करने वाले किसी व्यक्ति को उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य लक्षण महसूस हों तो वह बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच कराए।

बंडा क्षेत्र में एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने और मौतों के बाद प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में पहुंचकर संदिग्ध मरीजों की पहचान कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button