इकबाल मैदान से हटाया गया एक बैरिकेड, राहत अधूरी: व्यापारी बोले सभी बैरिकेड्स हटाकर रास्ता पूरी तरह बहाल करे पुलिस

इकबाल मैदान से हटाया गया एक बैरिकेड, राहत अधूरी: व्यापारी बोले सभी बैरिकेड्स हटाकर रास्ता पूरी तरह बहाल करे पुलिस
भोपाल,यशभारत। राजधानी के ऐतिहासिक इकबाल मैदान क्षेत्र में लंबे समय से बैरिकेडिंग से परेशान स्थानीय लोगों और व्यापारियों को आंशिक राहत मिली है। पुलिस प्रशासन ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए इकबाल मैदान पर लगा एक बैरिकेड हटा दिया है। हालांकि, यह रास्ता केवल दोपहिया वाहनों की आवाजाही के लिए खोला गया है, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों में अभी भी असंतोष है। व्यापारियों ने पूरे मार्ग को तुरंत प्रभाव से खोलने की मांग की है।
गौरतलब है कि हाल ही में भोपाल के नेताओं ने पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की थी। इस बैठक में क्षेत्रीय नागरिकों और व्यापारियों की समस्याओं को रखते हुए बैरिकेड्स हटाने के निर्देश दिए गए थे। सांसद की इस पहल और पुलिस प्रशासन के साथ हुई चर्चा के तुरंत बाद प्रशासन हरकत में आया और एक बैरिकेड हटाने की कार्रवाई की गई।
व्यापारियों का बढ़ा असंतोष, पूर्ण रूप से मार्ग खोलने की मांग
इकबाल मैदान के आसपास के व्यापारी संघ इस आधी-अधूरी कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। व्यापारियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से लगे बैरिकेड्स के कारण ग्राहकों का आना-जाना ठप पड़ा है, जिससे उनके व्यापार पर गंभीर असर पड़ रहा है। केवल एक बैरिकेड खुलने से चार पहिया वाहनों और व्यावसायिक आवाजाही में कोई सुधार नहीं आया है।
स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों और सामान्य जनजीवन को ध्यान में रखते हुए सभी बैरिकेड्स को हटाकर यातायात को पूर्व की भांति पूरी तरह सुचारू बनाया जाए।







