भोपाल

बाणगंगा रोड की चढ़ाई पर बेकाबू हुआ 16 चक्के का ट्रक, ब्रेक फेल होते ही पीछे दौड़ा – देर रात हादसा होने से टली बड़ी अनहोनी, ड्राइवर घायल, सालभर पहले इसी चौराहे पर डॉक्टर की हुई थी मौत

बाणगंगा रोड की चढ़ाई पर बेकाबू हुआ 16 चक्के का ट्रक, ब्रेक फेल होते ही पीछे दौड़ा
– देर रात हादसा होने से टली बड़ी अनहोनी, ड्राइवर घायल, सालभर पहले इसी चौराहे पर डॉक्टर की हुई थी मौत


….. देखिये वीडियो…..


भोपाल, यश भारत । बाणगंगा चौराहे रोड की चढ़ाई पर शुक्रवार देर रात एक बार फिर बड़ा हादसा होते-होते बच गया। चढ़ाई पर जा रहे 16 चक्के के ट्रक के अचानक ब्रेक फेल हो गए। इसके बाद भारी-भरकम ट्रक आगे बढ़ने के बजाय तेज रफ्तार से पीछे की ओर लुढ़कने लगा। कुछ ही देर में ट्रक बेकाबू होकर क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ड्राइवर घायल हुआ है, जबकि देर रात सड़क पर ट्रैफिक कम होने के कारण किसी अन्य व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
चौराहे पर मची अफरा-तफरी
ब्रेक फेल होने के बाद ट्रक को पीछे की ओर तेजी से आता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। बाणगंगा चौराहा शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों में शामिल है। दिन के समय यहां वाहनों का काफी दबाव रहता है। ऐसे में हादसा यदि व्यस्त समय में होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल ट्रक चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई भी शुरू की। 16 महीने पहले इसी जगह गई थी डॉक्टर की जान
बाणगंगा चौराहे पर हुआ यह हादसा 12 मई 2025 की दर्दनाक दुर्घटना की याद भी ताजा कर गया। उस समय एक स्कूल बस के ब्रेक फेल होने के बाद हुए हादसे में स्कूटी सवार डॉक्टर आयशा की मौत हो गई थी। बस की चपेट में आने के बाद उनकी स्कूटी उसके अगले पहिए में फंस गई थी। डॉक्टर आयशा करीब 50 फीट तक स्कूटी के साथ घिसटती चली गई थीं और बाद में बस के पहिए के नीचे आने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी।
एक ही स्थान पर दोबारा ब्रेक फेल होने से हुए हादसे ने चौराहे की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि इस बार देर रात हादसा होने और सड़क पर अपेक्षाकृत कम यातायात होने से बड़ी जनहानि टल गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button