यश भारत ब्रेकिंग.. हनुमानताल में मूर्तिकार को मारी गोली अस्पताल में भर्ती

गणेश प्रतिमाओं को जीवंत करने वाले मूर्तिकार की पंडाल में ही कर दी गई हत्या
जबलपुर के हनुमानताल थाना क्षेत्र में आधी रात हुई मूर्तिकार बब्बा सोनकर उर्फ मनोज सोनकर की हत्या ने सनसनी फैला दी। मथुरा सेठ के पास पंडाल में भगवान गणेश की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे करीब 48 से 50 वर्षीय बब्बा सोनकर पर अज्ञात बदमाशों ने पीछे से गोली चला दी। एक ओर गणेश प्रतिमाएं अपने आकार और स्वरूप को पूर्ण होने का इंतजार कर रही थीं, वहीं उन्हें जीवंत रूप देने वाले मूर्तिकार का खून वहीं बिखर गया। अचानक हुई फायरिंग में गंभीर रूप से घायल बब्बा को बचाने की कोशिश शुरू हुई, लेकिन उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।
गोली लगने के बाद बब्बा सोनकर को तत्काल थाने ले जाया गया। वहां से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए प्रयास किए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर में एक गोली लगी है। जिस जगह बब्बा भगवान गणेश की प्रतिमाओं को आकार दे रहे थे, उसी जगह हुई इस वारदात ने मौके का पूरा माहौल बदल दिया। तैयार होने की प्रतीक्षा कर रही प्रतिमाओं के बीच अचानक मातम पसर गया और मूर्तिकार की हत्या की खबर से इलाके में भीड़ जुट गई।
वारदात के बाद हनुमानताल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में मृतक के मराठा समुदाय के कुछ लोगों से पुराना विवाद होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस अभी इस एंगल की पुष्टि कर रही है। हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और गोली चलाने वाले कौन थे, इसका पता लगाने के लिए पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया है, लेकिन फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि भगवान गणेश की प्रतिमाओं को आकार देने में जुटे बब्बा सोनकर को आखिर किसने और क्यों मौत के घाट उतारा?







