मैनिट से नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान का राज्य स्तरीय आगाज पीएम मोदी ने युवाओं से माय भारत से जुड़ने का किया आह्वान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ

मैनिट से नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान का राज्य स्तरीय आगाज
पीएम मोदी ने युवाओं से माय भारत से जुड़ने का किया आह्वान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
भोपाल, यश भारत। देश को नशा मुक्त बनाने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से रविवार को नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान 2026 का देशव्यापी शुभारंभ किया गया। राजधानी भोपाल के मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (मैनिट) में इसका राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 10 हजार से अधिक केंद्रों पर वर्चुअली जुड़े एक करोड़ से अधिक युवाओं स्वयंसेवकों और संगठनों को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश का नशा मुक्त होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और माय भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म उन्हें अपनी क्षमता पहचानने तथा नशा मुक्ति के जन आंदोलन का नेतृत्व करने का अवसर देगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार संडे स्पेशल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें खेल प्रतियोगिताएं सांस्कृतिक कार्यक्रम मैराथन नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता अभियान शामिल होंगे। मैनिट परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशा मुक्त रहने का संकल्प लेने तथा कम से कम पांच अन्य युवाओं को माय भारत पोर्टल से जोड़कर नशा मुक्ति स्वयंसेवक बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव अपर सचिव अजय श्रीवास्तव माय भारत के राज्य निदेशक मंगल राम जाखड़ मैनिट के निदेशक डॉ. मनमोहन कापसे भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे। समापन अवसर पर मुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने सभी प्रतिभागियों को देश को नशा मुक्त बनाने और समाज में जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ भी दिलाई।







