रीवा-इतवारी एक्सप्रेस में यात्री की मौत, सफर के दौरान बिगड़ी तबीयत

कटनी, यशभारत। रीवा से चलकर इतवारी की ओर जा रही रीवा इतवारी एक्सप्रेस में बुधवार को सतना से इतवारी की यात्रा कर रहे एक वरिष्ठ नागरिक यात्री की चलती ट्रेन में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसारए ट्रेन जब कटनी स्टेशन पहुंचने वाली थीए तभी कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि कोच नंबर 2 की सीट नंबर 7 पर सवार एक यात्री बेहोश पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कटनी स्टेशन पर तैनात डिप्टी एसएस कमर्शियल सतनारायण चौधरी ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल रेलवे अस्पताल को सूचित किया और रेलवे डॉक्टर को स्टेशन पर बुलाया। ट्रेन के कटनी स्टेशन पहुंचते ही रेलवे डॉक्टर ने कोच में जाकर यात्री का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसके बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मृतक यात्री की पहचान बी एन चतुर्वेदी उम्र 70 वर्ष के रूप में हुई है। घटना के बाद डिप्टी एसएस कमर्शियल ने आवश्यक शासकीय मेमो तैयार कर जीआरपी को सौंप दिया है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई व परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।







