भोपालमध्य प्रदेश

बिजली आउटसोर्स कर्मचारियों का भोपाल में शक्ति प्रदर्शन सामाजिक सुरक्षा, निगम मंडल गठन और वेतन वृद्धि की मांग, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

बिजली आउटसोर्स कर्मचारियों का भोपाल में शक्ति प्रदर्शन

सामाजिक सुरक्षा, निगम मंडल गठन और वेतन वृद्धि की मांग, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

भोपाल, यश भारत । मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों ने रविवार को राजधानी भोपाल के डॉ. भीमराव अंबेडकर मैदान में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) के बैनर तले विशाल प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने वर्षों से शोषण का आरोप लगाते हुए सरकार से आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए अलग नीति बनाने तथा उनकी लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। प्रदर्शन में बीएमएस के महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का आयोजन बीएमएस से जुड़े बिजली आउटसोर्स कर्मचारी संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल मालवीय के निर्देशन में किया गया। प्रदर्शन में प्रदेश के लगभग सभी जिलों से बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारियों ने हरियाणा की तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए निगम मंडल गठित करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि इससे कर्मचारियों को सेवा सुरक्षा सामाजिक सुरक्षा और श्रमिक अधिकारों का संरक्षण मिल सकेगा। साथ ही वेतन वृद्धि ईएसआई पीएफ बीमा नियमित भुगतान और अन्य कर्मचारी हितैषी सुविधाएं लागू करने की भी मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि बिजली विभाग में वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद आउटसोर्स कर्मचारियों को न तो पर्याप्त वेतन मिल रहा है और न ही नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में सरकार को आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए स्थायी और पारदर्शी नीति बनानी चाहिए। प्रदर्शन में मध्य प्रदेश के 55 जिलों के आउट सोर्स कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button