मध्य प्रदेशराज्य

पलारी में युवक की मौत के बाद चक्काजाम : परिजनों ने लगाया मारपीट के बाद प्रताड़ना का आरोप, पुलिस जांच में जुटी… देखें पूरा वीडियो

 

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के पलारी चौकी क्षेत्र के ग्राम पलारी में रविवार को दोपहर करीब 1:30 बजे एक 24 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। युवक का शव उसके घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने ग्राम के ही एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पलारी-धनोरा मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजन आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े है, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो रहा है।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बिट्टी उर्फ घनश्याम डेहरिया (24 वर्ष) निवासी ग्राम पलारी के रूप में हुई है। सुबह युवक का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले गांव के ही एक व्यक्ति के साथ युवक का विवाद हुआ था। विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई थी। परिजनों का कहना है कि उसी घटना के बाद युवक मानसिक तनाव में था और आरोपित द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के कारण उसने यह कदम उठाया। इसी आधार पर परिजनों ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलते ही पलारी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी संजय दीक्षित ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत फांसी लगाने से हुई है। परिजनों ने गांव के एक व्यक्ति पर युवक को प्रताड़ित करने और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद होने की बात भी सामने आई है। हालांकि युवक ने किन परिस्थितियों में आत्मघाती कदम उठाया, इसका स्पष्ट कारण जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगा।

चक्काजाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाइश दी। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य होने लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है तथा विवाद, मारपीट और अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button