राखी की खुशियां आंसुओं में बदलीं: चप्पलें बाहर तैरती रहीं, पानी के भीतर थमीं दो मासूमों की सांसे

दमोह । जिले के जबेरा थाना क्षेत्र के तावरी गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो ममेरी-फुफेरी बहनों के शव घर के पास स्थित खंती में मिले। दोनों बच्चियां शाम करीब 5 बजे से लापता थीं। परिजन और पुलिस ने काफी देर तक तलाश की। तब दोनों के शव दिखाई दिए।
बताया जा रहा है कि मृतकों की पहचान तावरी निवासी मानसी (11) पिता संतोष सिंह और काव्या (6) पिता पप्पू सिंह के रूप में हुई है। काव्या मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा की रहने वाली थी और रक्षाबंधन पर अपने मामा विनोद सिंह के घर आई थी।
बताया गया कि दोनों बच्चियां अचानक लापता हो गईं। परिजन ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी ।
पुलिस ने परिजन के साथ मिलकर बच्चियों की तलाश शुरू की। इसके बाद घर के पास खेत में बनी गहरी खंती के पास दोनों की चप्पलें मिलीं। टॉर्च से देखने पर पानी में दोनों के शव दिखाई दिए।
इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को खंती से बाहर निकाला गया। शवों को जबेरा स्वास्थ्य केंद्र में रखवाया गया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है।







