फिर परेशान होंगे मुसाफिर : पुणे में थर्ड लाइन में कमीशनिंग कार्य के चलते प्रभावित रहेंगी टे्रनें, टे्रनों के परिचालन पर पड़ेगा असर

कटनी, यशभारत। पुणे हड़पसर रेलखंड में थर्ड लाइन के कमीशनिंग कार्य के चलते नॉन इंटरलॉकिंग कार्य का असर पश्चिम मध्य रेलवे की ट्रेनों पर पड़ेगा। पश्चिम मध्य रेल ने 6 ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। इनमें जबलपुर पुणे, पुणे रानी कमलापति और हड़पसर रीवा एक्सप्रेस शामिल हैं, जिनसे कटनी के यात्रियों को भी यात्रा से पहले जानकारी रखना जरूरी होगा। जानकारी के मुताबिक गाड़ी संख्या 20162 जबलपुर पुणे एक्सप्रेस 20 सितंबर को जबलपुर से रवाना होकर पुणे के बजाय दौंड जंक्शन तक जाएगी। दौंड से पुणे के बीच इसका परिचालन आंशिक रूप से निरस्त रहेगा। वहीं 21 सितंबर को वापसी में गाड़ी संख्या 20161 पुणे जबलपुर एक्सप्रेस पुणे के बजाय दौंड से ही रवाना होगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 22172 रानी कमलापति पुणे एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को पुणे के बजाय दौंड तक जाएगी और गाड़ी संख्या 22171 पुणे रानी कमलापति एक्सप्रेस 4 अक्टूबर को पुणे के बजाय दौंड से चलेगी। 20 सितंबर को गाड़ी संख्या 22171 पुणे रानी कमलापति एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से चलेगी। ट्रेन लोनावला, कर्जत जंक्शन, पनवेल, कल्याण, इगतपुरी और मनमाड़ होकर संचालित होगी। वहीं गाड़ी संख्या 20151 हड़पसर रीवा एक्सप्रेस 24 सितंबर को निर्धारित समय 3.15 बजे के बजाय शाम 4 बजे और 1 अक्टूबर को निर्धारित समय से 1 घंटे 45 मिनट देर से शाम 5 बजे रवाना होगी।






