बड़ी खबर: 20 दिन पहले हुआ अंतिम संस्कार, अब पुलिस ने कब्र खोदकर निकाला शव; जांच जारी

रीवा । शहर के कुठुलिया मोहल्ले में रहने वाले एक युवक की मौत के 20 दिन बाद कब्र खोदकर शव को निकाला गया है। परिजन ने पहले सामान्य मौत मानते हुए बैकुंठपुर स्थित गृह ग्राम के कब्रिस्तान में शव को दफना दिया था। लेकिन बाद में कुछ शंकाएं सामने आने पर पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। जिस पर सिरमौर एसडीएम से अनुमति प्राप्त करने के बाद पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाया है। संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
बिछिया थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने बताया कि कुठुलिया निवासी मोहम्मद लुकमान पिता अब्दुल खान 42 वर्ष की मौत 9 जुलाई को हुई थी। रीवा में मौत के बाद परिजन ने 10 जुलाई को बैकुंठपुर में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया करते हुए कब्रिस्तान में शव को दफन किया था। लेकिन बाद में परिजन ने पोस्टमार्टम कराने की मांग की। जिस पर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर दफन शव को बाहर निकलवाया गया है।
उन्होंने बताया कि मर्ग कायम कर युवक की मौत के मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी। कब्र खोदकर शव निकाले जाने की प्रक्रिया के दौरान बिछिया के साथ ही बैकुंठपुर थाना प्रभारी भी मौके पर मौजूद रहे। मृतक के भाई मोहम्मद दाउद ने कहा कि उन्हें कुछ शंका प्रतीत हो रही है, इसलिए वे पोस्टमार्टम कराना चाह रहे हैं।







