शराब पीकर बाइक चला रहे युवक पर पुलिस ने की कार्रवाई, वाहनों को किया जब्त, बिछपुरा में उपद्रव मचाते दो युवक गिरफ्तार

कटनी, यशभारत। सडक़ दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी निवार पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले एक युवक के खिलाफ कार्रवाई की है। ग्राम निवार में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक हरकेश कोल को नशे की हालत में वाहन चलाते पकड़ा। ब्रीथ एनालाइजर जांच में शराब पीने की पुष्टि होने पर पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत बाइक जब्त कर ली। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। इसी तरह निवार पुलिस ने कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम बिछपुरा शाहपुर में उपद्रव करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आशीष चौहान और नितेश चौहान दोनों निवासी ग्राम बिछपुरा को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद दोनों को एसडीएम कटनी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए। कार्रवाई में कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी मिश्रा, एएसआई राजेश कोरी, प्रधान आरक्षक संतोष प्रजापति एवं आरक्षक बकील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






