भोपाल

सतपुड़ा में लौटी बारहसिंगा की रौनक, एक दशक की मेहनत ने बदली जंगल की तस्वीर

सतपुड़ा में लौटी बारहसिंगा की रौनक, एक दशक की मेहनत ने बदली जंगल की तस्वीर
भोपाल, यश भारत । एक दशक पहले देखा गया संरक्षण का सपना अब सतपुड़ा के जंगलों में हकीकत बनकर दौड़ रहा है। कभी सतपुड़ा से पूरी तरह विलुप्त हो चुका हार्ड ग्राउंड बारहसिंगा आज फिर इन जंगलों में खुलेआम विचरण कर रहा है। यह वापसी देश की उल्लेखनीय वन्यजीव संरक्षण सफलताओं में शामिल हो गई है।
बारहसिंगा की इस शानदार वापसी के पीछे वर्षों की मेहनत, धैर्य और दृढ़ इच्छाशक्ति की कहानी छिपी है। वन विभाग के मैदानी कर्मचारियों से लेकर वैज्ञानिकों, वन्यजीव संरक्षण विशेषज्ञों और स्थानीय समुदायों तक ने मिलकर इस चुनौती को स्वीकार किया। लगातार प्रयासों के जरिए बारहसिंगा के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया गया और उसके संरक्षण व निगरानी पर विशेष ध्यान दिया गया।
एक समय ऐसा था जब सतपुड़ा के जंगलों में बारहसिंगा की मौजूदगी इतिहास का हिस्सा बन चुकी थी। लेकिन संरक्षण से जुड़े लोगों ने हार नहीं मानी। करीब दस साल तक चले प्रयासों ने धीरे-धीरे उम्मीद को मजबूत किया और आखिरकार वह दिन आया, जब बारहसिंगा ने फिर सतपुड़ा की धरती पर अपने कदम जमा लिए।
आज जंगल में स्वतंत्र रूप से विचरण करते बारहसिंगे इस बात के गवाह हैं कि यदि संरक्षण के लिए वैज्ञानिक सोच, जमीनी मेहनत और स्थानीय लोगों का सहयोग एक साथ हो तो विलुप्त हो चुकी प्रजातियों को भी नया जीवन दिया जा सकता है।
बारहसिंगा की वापसी केवल एक वन्यजीव की वापसी नहीं है, बल्कि यह उम्मीद, संघर्ष और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की प्रेरक कहानी है। यह सफलता उन सभी लोगों के प्रयासों को सलाम करती है, जिन्होंने परिस्थितियां कठिन होने के बावजूद संरक्षण की मुहिम को रुकने नहीं दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button