भोपाल

गड्ढों में डूबी अस्पताल के पीछे की सड़क, बारिश के पानी ने बढ़ाया हादसों का खतरा

गड्ढों में डूबी अस्पताल के पीछे की सड़क, बारिश के पानी ने बढ़ाया हादसों का खतरा
भोपाल, यश भारत । वार्ड क्रमांक 78 में भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल के पीछे की सड़क इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रही है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। हालात यह हैं कि पानी से लबालब गड्ढों की गहराई दिखाई नहीं देने के कारण हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय रहवासियों के मुताबिक सड़क की हालत लंबे समय से खराब है, लेकिन बारिश के बाद समस्या और गंभीर हो गई है। सड़क पर बने गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर वाहन चालकों को पानी से बचते हुए निकलना पड़ता है, जिससे संतुलन बिगड़ने की आशंका बनी रहती है।
रात में बढ़ जाता है खतरा
रहवासियों का कहना है कि रात के समय स्थिति और चिंताजनक हो जाती है। सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने की स्थिति में पानी से भरे गड्ढे दिखाई नहीं देते। ऐसे में तेज गति से आने वाले दोपहिया वाहन चालक अचानक गड्ढे में फंसकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। पैदल राहगीरों को भी सड़क पार करने और गड्ढों से बचकर निकलने में परेशानी हो रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत और जल निकासी को लेकर जिम्मेदार विभाग द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। बारिश का पानी सड़क पर जमा होने से गड्ढे लगातार बढ़ रहे हैं और सड़क की स्थिति दिनोंदिन खराब होती जा रही है।
तत्काल मरम्मत की मांग
रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन से सड़क का तत्काल निरीक्षण कराने और गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही बारिश के पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में यहां दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button