लालघाटी में दो घंटे तक भीषण जाम, चौराहे पर चारों तरफ फंसे वाहन स्कूल बस, एंबुलेंस और आम वाहन जाम में फंसे ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल

लालघाटी में दो घंटे तक भीषण जाम, चौराहे पर चारों तरफ फंसे वाहन
स्कूल बस, एंबुलेंस और आम वाहन जाम में फंसे ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी पर उठे सवाल
भोपाल, यश भारत। राजधानी के लालघाटी चौराहे पर सोमवार को करीब दो घंटे तक भीषण ट्रैफिक जाम लगा रहा। चौराहे से जुड़े तीनों प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। देखते ही देखते चौराहे के चारों ओर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई और वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे। जाम का असर स्कूल बसों एंबुलेंस और वीआईपी वाहनों के साथ आम लोगों पर भी पड़ा। कई वाहन चालक आगे निकलने के लिए वैकल्पिक रास्ते तलाशते नजर आए। चौराहे पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ने से स्थिति और बिगड़ती गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम के दौरान यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मी नजर नहीं आए। इसके चलते वाहनों को व्यवस्थित करने में परेशानी हुई और चारों दिशाओं में लंबी कतारें लग गईं। करीब दो घंटे तक चली जाम की स्थिति से लालघाटी और आसपास के मार्गों से गुजरने वाले लोगों को खासी परेशानी हुई। लोगों ने मांग की है कि व्यस्त समय में लालघाटी चौराहे पर पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस बल तैनात किया जाए और यातायात प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था की जाए ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।







