प्रदर्शनकारियों की बस के सामने डट गईं डीआईजी मोनिका शुक्ला, पेश की दिलेरी की मिसाल
प्रदर्शनकारियों की बस के सामने डट गईं डीआईजी मोनिका शुक्ला, पेश की दिलेरी की मिसाल
भोपाल, यश भारत । राजधानी में बुधवार को किसान आंदोलन के दौरान पुलिस की मुस्तैदी और महिला अधिकारी के साहस की मिसाल देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों द्वारा लेकर जाई जा रही बस को नियंत्रित करने के दौरान डीआईजी ट्रैफिक मोनिका शुक्ला अचानक बस के ठीक सामने जाकर खड़ी हो गईं। कुछ पल के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन अधिकारी के अडिग तेवर के आगे प्रदर्शनकारियों को पीछे हटना पड़ा और बस आगे नहीं बढ़ सकी। बस के आगे प्रदर्शनकारियों की हलचल बढ़ने लगी। स्थिति बिगड़ती देख डीआईजी मोनिका शुक्ला ने बिना किसी हिचकिचाहट के बस के सामने मोर्चा संभाल लिया। उनकी दृढ़ता और त्वरित निर्णय से पुलिस बल को स्थिति नियंत्रित करने में मदद मिली और किसी अप्रिय घटना की नौबत नहीं आई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग डीआईजी मोनिका शुक्ला की बहादुरी, कर्तव्यनिष्ठा और नेतृत्व क्षमता की सराहना कर रहे हैं। कई लोगों ने इसे महिला पुलिस अधिकारियों के साहस और वर्दी के प्रति समर्पण का सशक्त उदाहरण बताया।
बुधवार को किसान आंदोलन के दौरान राजधानी के कई हिस्सों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महिला अधिकारियों ने भी अग्रिम पंक्ति में रहकर जिम्मेदारी निभाई। डीआईजी मोनिका शुक्ला का बस के सामने डटकर खड़ा होना पूरे आंदोलन का सबसे चर्चित दृश्य बन गया, जिसकी चर्चा दिनभर होती रही।







