मध्य प्रदेशराज्य

वीभत्स घटना देख कांप गई रूह : 3 साल की बेटी को गोद में ले मां ने ट्रेन से कटकर दी जान : एक-दूसरे से लिपटी मिली मां-बेटी की लाश , सिर हुए धड़ से अलग

नरसिंहपुर l स्टेशनगंज थाना अंतर्गत लूनावत पेट्रोल पंप के पास रेलवे ट्रैक पर बुधवार दोपहर एक हृदय विदारक हादसा सामने आया। कपूरी गांव निवासी 25 वर्षीय नवविवाहिता प्राची जाट ने अपनी 3 वर्षीय मासूम बेटी प्रनीषा के साथ ट्रेन से कटकर जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना दोपहर करीब 3:40 बजे खंभा क्रमांक 907 से 1516 के बीच की है। ज्ञानगंगा एक्सप्रेस (22132) के लोको पायलट ने रेलवे स्टेशन को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही स्टेशनगंज थाना पुलिस और कपूरी गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। डाउन रेलवे ट्रैक पर मां और बेटी का शव एक-दूसरे से लिपटा हुआ मिला। दृश्य इतना भयावह था कि देखने वालों का कलेजा कांप उठा। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मां ने अपनी मासूम बच्ची को सीने से लगाकर पटरी पर सिर रख दिया था, जिससे दोनों के सिर धड़ से अलग हो गए।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।

परिजनों के अनुसार, प्राची (पति निशांत जाट) दोपहर करीब तीन बजे अपनी बेटी के साथ बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके कुछ ही देर बाद पुलिस के जरिए परिजनों को इस दर्दनाक हादसे की जानकारी मिली। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। स्टेशनगंज थाना प्रभारी सौरभ पटेल ने बताया कि मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

गमगीन परिजन ने की जान देने की कोशिश

हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। इसी दौरान गम में डूबे परिजनों में से एक बुजुर्ग ने वहां से गुजर रही मालगाड़ी के सामने कूदकर जान देने का प्रयास किया। वहां मौजूद एक युवक ने तुरंत बुजुर्ग को खींच लिया और अन्य लोगों की मदद से उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button