सूने मकान में ताला तोड़कर लाखों की चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

सूने मकान में ताला तोड़कर लाखों की चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
भोपाल,यशभारत। राजधानी के थाना छोला मंदिर क्षेत्र अंतर्गत सूने मकान का ताला तोड़कर नगदी और जेवरात चुराने वाले शातिर चोर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया एक लाख रुपये से अधिक का मशरूका भी बरामद कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई को फरियादी प्रेमनारायण सोनी निवासी: मकान नंबर 50, जैन मंदिर के पास, पुण्यधाम कॉलोनी, खेजड़ा बरामद, थाना छोला मंदिर ने थाने में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि उनकी पत्नी ऊषा सोनी पिछले 10-12 दिनों से न्यू सुभाष नगर, भोपाल में अपनी मां के यहां थीं और घर पर वह अकेले थे। सुबह करीब 09:30 बजे फरियादी घर का ताला लगाकर अपने काम पर गए थे। इसी दौरान रात करीब 09:25 बजे उनके पड़ोसी गोविंदा पबार ने फोन पर सूचना दी कि उनके घर का मुख्य ताला टूटा हुआ है। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य गेट के साथ-साथ बेडरूम में रखी अलमारी का भी ताला टूटा हुआ था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर की जांच करने पर अलमारी में रखे नगदी और सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अरुण लोधी पिता: राजेंद्र प्रसाद लोधी, उम्र-25 वर्ष, निवासी: चोपड़ा कला, दुर्गा मंदिर के पास, सूखी सेवनिया, भोपाल को गिरफ्तार कर लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया एक लाख रुपये से अधिक कीमत का माल बरामद कर लिया। माल जब्ती के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।







